दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के सभी 21 जिलों में सोमवार दोपहर 12 बजे तक तक 97 हजार उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। जिनपर 51. 42 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।
शाम 5:30 बजे तक लगभग 45 हजार उपभोक्ताओं ने लगभग 21 करोड़ 52 लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद उनकी बिजली स्वत: ही जुड़ गई। रिचार्ज न कराकर अवैध रूप से बिजली का उपभोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
97 हजार उपभोक्ताओं पर था 51 करोड़ से अधिक का बकाया
डीवीवीएनएल अपने सभी उपभोक्ताओं के यहां पर स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगा रहा है। तीन माह से लगातार डीवीवीएनएल अपने उपभोक्ताओं को बकाया और री-चार्ज कराए जाने के लिए मैसेज के माध्यम से संदेश भेज रहा है।बावजूद इसके री-चार्ज न कराने पर सोमवार को सभी नौ जोन आगरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मथुरा, झांसी, बांदा, कानपुर 1 और कानपुर 2 के उपभोक्ताओं के सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक 97 हजार उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। बिजली कट हो जाने पर संबंधित उपकेंद्रों और अधिकारियों के फोन बजना शुरू हो गए।
शाम तक 45 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने कराया रिचार्ज
उपभोक्ताओं को बताया गया कि वे रिचार्ज करा लें, अन्यथा की स्थिति में बिजली नहीं मिल सकेगी। आगरा में 7300 उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई। जिनमें से शाम तक 3600 ने 1.65 करोड़ रुपये जमा किए। उनकी बिजली जोड़ दी गई। जीएमआर और जीनस दो कंपनी स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रही है। पांच जोन में जीएमआर और चार में जीनस कंपनी ने स्मार्ट मीटर लगाए हैं।






