फर्जी सरकारी अधिकारी बन वर्ल्ड वार के मौजूदा हालात और दूसरी सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए यात्रियों की सिक्योरिटी वेरिफिकेशन के नाम पर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को मध्य जिले की कमला मार्केट थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फतेहपुर बेरी के कृष्ण कुमार (ऑटो चालक), आगरा के रवि कुमार और फतेहपुरबेरी के राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। रवि कुमार गिरोह का सरगना है। इनके कब्जे से हाल ही में यात्री से लूटे गए 12,500 रुपये नकद, डेबिट कार्ड और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।क्या है पूरा मामला?
मध्य जिले के उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, 12 मार्च को कमला मार्केट थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें कॉलर ने बताया कि उसने मिंटो रोड के पास से एक ऑटो हायर किया था। ऑटो चालक ने एक और यात्री को ऑटो में बैठा लिया। थोड़ी दूर जाने के बाद, एक और संदिग्ध ऑटो में चढ़ा और खुद को सरकारी अधिकारी बताकर सुरक्षा वेरिफिकेशन के बहाने शिकायत करने वाले की चेकिंग करने लगा।
इस दौरान, आरोपित ने शिकायतकर्ता से 13 हजार नकद और एटीएम कार्ड ले लिया। बाद में उसने एक लिफाफा वापिस किया जिसमें कहा गया कि उसका सामान है। बदरपुर पहुंचने के बाद, शिकायतकर्ता ने लिफाफा चेक किया तो नकदी और एटीएम कार्ड गायब था और बाद में पता चला कि उसके बैंक अकाउंट से 52 हजार रुपये भी निकाल लिए गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल वारदात में इस्तेमाल ऑटो की पहचान की। उसके बाद असोला, फतेहपुर बेरी में छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इंतजार कर रहे यात्रियों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रेलवे स्टेशनों और आस-पास की सड़कों के पास पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इंतजार कर रहे यात्रियों को टारगेट करते थे। आरोपित कृष्ण ऑटो चलाता था और यात्रियों को उनकी मंजिल तक छोड़ने का झांसा देकर बैठाता था।






