धनबाद के डिप्टी मेयर बने अरुण चौहान, मेनका सिंह को बड़े अंतर से हराया

 अरुण चौहान धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर होंगे। उन्होंने डिप्टी मेयर के चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की। धनबाद नगर निगम के 55 वार्ड पार्षदों में से 50 ने उनके पक्ष में गुप्त मतदान किया, जबकि उनके सामने खड़ी मेनका सिंह को मात्र पांच पार्षदों का समर्थन मिला।

बुधवार को धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह और 55 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद डिप्टी मेयर का चुनाव कराया गया। शपथ ग्रहण के बाद उप महापौर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए।दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। इसके पश्चात वैध अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई। वहीं, दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया।

इसके बाद 1:45 बजे से 2:15 बजे तक मतपत्रों की तैयारी की गई। तत्पश्चात दोपहर 2:15 बजे से 3:00 बजे तक उप महापौर पद के लिए मतदान हुआ। मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की गई।

जिसमें अरुण कुमार चौहान विजयी घोषित किए गए। नगर निगम चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने नवनिर्वाचित उप महापौर को प्रमाण पत्र प्रदान किया। अरुण कुमार चौहान को 50 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे स्थान पर रहीं मेनका सिंह को 5 वोट मिले।इसके बाद धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने उप महापौर को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मुकेश कुमार बाउरी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो, विशाल कुमार पांडेय, संजय झा, राम विलास राम, रूपेश मिश्रा, सुशील सिन्हा, आनंद पटेल, प्रशांत झा, कुमार सहित सभी 55 वार्ड पार्षद उपस्थित थे।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें