सेक्टर 40 थाना क्षेत्र में रविवार शाम झाड़सा चौक फ्लाइओवर पर तेज रफ्तार कार ने आटो को टककर मार दी। हादसे में आटो पलट गया और चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृत आटो चालक की पहचान मूल रूप से मोतिहारी जिले के सिसवा गांव के रहने वाले 44 वर्षीय नवल महतो के रूप में की गई। बताया जाता है कि नवल दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रहकर आटो चलाते थे।
रविवार शाम वह आनंद विहार से आटो में सवारी लेकर गुरुग्राम आ रहे थे। रास्ते में झाड़सा चौक फ्लाइओवर पर पीछे से तेज रफ्तार आई कार ने आटो को टक्कर मार दी। इससे आटो पलट गया। हादसे में नवल को गंभीर चोटें आईं। पीछे बैठी सवारी को हल्की चोटें लगीं।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादस के बाद पीछे बैठी सवारी ने ही नवल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार की शिकायत पर सेक्टर 40 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।







