अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग में सबसे बुरी मार पाकिस्तान पर पड़ी है। पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे इस देश का इस जंग ने तेल निकाल दिया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं और पंप पर लोगों की लंबी लाइन लगी है।
पाकिस्तान ने रविवार को फैसला किया कि वह हाई-ऑक्टेन ईंधन पर प्रति लीटर लेवी को 100 पाकिस्तानी रुपये से बढ़ाकर 300 पाकिस्तानी रुपये कर देगा। यानी इसमें 200 पाकिस्तानी रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।
शहबाज शरीफ ने बढ़ोतरी को दी मंजूरी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लग्जरी गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले हाई-ऑक्टेन ईंधन पर लगने वाले शुल्क में भारी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह फैसला शरीफ की अध्यक्षता में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें उन्होंने ईंधन की कीमतों और आर्थिक राहत से जुड़े मामलों की समीक्षा की।एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, हाई-ऑक्टेन ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सार्वजनिक परिवहन के किरायों और हवाई यात्रा की लागत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस बैठक में कानून एवं न्याय मंत्री आजम नजीर तारड़, वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तारड़ और पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के साथ-साथ सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।लगातार हो रहा कीमतों में इजाफा
इससे पहले 6 मार्च को सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 55 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक तेल की कीमतों में आई तेजी ने घरेलू ऊर्जा लागत पर दबाव डाल दिया था।
अब कितनी होगी कीमत?
ARY News के अनुसार, समीक्षा के बाद पेट्रोल की नई कीमत 266.17 से बढ़कर 321.17 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। जबकि, डीजल की दर 280.86 से बढ़कर 335.86 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इस बीच जेट ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद 10 मार्च को पाकिस्तानी एयरलाइंस ने किराया बढ़ा दिया है।






