जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गरहा ओपी क्षेत्र के मझौली रोड फोरलेन के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक पशु चारा व्यापारी को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई, जबकि बदमाश मौके से फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान औराई थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पशु चारा का कारोबार करता है और गरहा इलाके से माल लेकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता है। घटना के दिन वह माल का ऑर्डर देकर वापस लौट रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और उस पर फायरिंग कर दी।गोली विकास की जांघ में लगी, जिससे वह बाइक से गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उठाकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीपीओ टू विनिता सिन्हा मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ टू ने बताया कि घटना के पीछे आपसी रंजिश या लूट की कोशिश, इन दोनों एंगल से जांच की जा रही है। हालांकि, मौके पर किसी प्रकार की छिनतई नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है।






