JPSC-JSSC परीक्षा में धांधली के खिलाफ 16 दिन से आंदोलन, जयराम महतो का विधानसभा के बाहर अनशन

झारखंड में JPSC और JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार 16वें दिन भी जारी है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

छात्र आंदोलन के समर्थन में डुमरी से विधायक और JLKM नेता जयराम महतो ने विधानसभा परिसर के बाहर एकदिवसीय अनशन शुरू किया है। उन्होंने कहा है कि अनशन के दौरान वह पानी भी नहीं पिएंगे। जयराम महतो ने विभिन्न वर्गों और संगठनों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की है।

‘प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही धांधली’

जयराम महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने सीटें बेचने, घर पर आंसर शीट लिखने और OMR शीट को खाली छोड़कर बाद में उसे भरने जैसी कथित अनियमितताओं का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और अब समाज के अलग-अलग वर्गों को भी उनके समर्थन में आवाज उठानी चाहिए। विधायक ने मजदूर, वकील, व्यवसायी और किसान संगठनों से अपील की कि वे अपने स्तर पर कुछ समय के लिए छात्रों के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित करें या अनशन करें।

अपने ही छात्र संगठनों से बातचीत कर रही सरकार: जयराम महतो

जयराम महतो ने आरोप लगाया कि सरकार उन छात्र संगठनों से बातचीत कर रही है, जो उसके गठबंधन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज होने वाली बैठक में छात्रों की मांगों को लेकर कोई सकारात्मक परिणाम सामने आ सकता है।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 10 अगस्त को विधानसभा मार्च प्रस्तावित है। जयराम महतो ने सभी छात्र संगठनों से इस मार्च में सहयोग करने और छात्रों की मांगों के समर्थन में एकजुट होने की अपील की है।

फिलहाल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है और सरकार की ओर से उनकी मांगों पर होने वाले निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।#JPSC #JSSC #JairamMahato #JLKM #JharkhandNews #RanchiNews #StudentProtest #ExamScam #CompetitiveExams #JharkhandStudents

Leave a Comment

शहर चुनें