बाराबंकी के बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के किंतूर में शुक्रवार देर रात एक युवक मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर निजी दूरसंचार कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे तक युवक टावर पर ही बैठा रहा। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद वह भोर में नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एसडीएम सिरौलीगौसपुर की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब एक बजे बदोसराय कोतवाली पुलिस किंतूर गांव में चांद बाबू नाम के युवक को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही चांद बाबू पड़ोस में स्थित एक निजी दूरसंचार कंपनी के टावर पर चढ़ गया।
टावर पर पहुंचने के बाद युवक पुलिस पर आरोप लगाते हुए अपनी बात रखने लगा। उसका कहना था कि पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि उसकी ओर से दी गई तहरीर पर कार्रवाई नहीं की गई। वह मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर टावर से ही पुलिस के सामने अपनी बात रखता रहा।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद पुलिसकर्मी उसे नीचे उतारने के लिए लगातार समझाते रहे। रातभर उसे समझाने-बुझाने का सिलसिला चलता रहा। करीब चार घंटे बाद भोर में चांद बाबू किसी तरह टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली लेकर पहुंची।
कोतवाली में कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने चांद बाबू को एसडीएम सिरौलीगौसपुर के न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज ने बताया कि आरोपी चांद बाबू के खिलाफ पहले से मारपीट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस इसी मामले में उसे पकड़ने गई थी।#Barabanki #BadduSarai #Kintoor #UPNews #BarabankiNews #PoliceNews #UttarPradesh #CrimeNews #HindiNews #ViralNews