बांका के खेतों तक गंगा जल की आपूर्ति: 1800 करोड़ की परियोजना शुरू

अब गंगा जल सिर्फ पवित्रता देने के लिए नहीं, बल्कि बांका, मुंगेर और भागलपुर के खेतों की उपज बढ़ाने में भी काम आएगा। बिहार सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी, जिसे कई लोगों ने पहले केवल कल्पना माना। लेकिन चुनाव के बाद, बदुआ डैम के पास इस परियोजना का काम तेजी से शुरू हो गया है। बिजीखरबा सिंचाई कार्यालय के पास पिछले 15 दिनों से निर्माण कार्य जोरों पर है।

इस परियोजना के तहत बदुआ डैम तक गंगा जल पहुंचाया जाएगा। कुल 1800 करोड़ रुपये की लागत से बेलहर के बदुआ हनुमाना डैम तक गंगा जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अजगैवीनाथ धाम से बदुआ हनुमाना डैम तक 56 किलोमीटर लंबी, चार से पांच फीट व्यास की मजबूत स्टील पाइपलाइन बिछाई जा रही है। गंगाजल को स्टोर करने के लिए बिज्जीखरबा सिंचाई प्रमंडल परिसर में 10 फीट गहरी और 34 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले तालाब का निर्माण शुरू हो गया है। यह तालाब आरसीसी ढलाई से बनाया जाएगा।

लिफ्ट सिस्टम के जरिए पानी को फ़िल्टर कर बदुआ डैम तक पहुँचाया जाएगा। इसके अलावा, तारापुर में भी गंगा जल संग्रहित किया जाएगा, जहां से 25 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से हवेली खड़गपुर के डैम तक जल पहुंचाया जाएगा। भविष्य में बेलहर के बेलहरना और फुल्लीडुमर प्रखंड क्षेत्र के कोझी डैम तक भी पानी पहुँचाने की योजना है। इस परियोजना से हजारों एकड़ भूमि को सिंचाई संकट से राहत मिलेगी। फिलहाल बिज्जीखरबा में तालाब निर्माण का खोदाई कार्य शुरू हो गया है और जगह-जगह पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
#GangaWaterProject #BiharAgriculture #IrrigationProject #Banka #Munger #Bhagalpur #WaterManagement

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें