गणतंत्र दिवस 2026 पर बिहार के दो मुखिया होंगे दिल्ली में विशेष अतिथि, महिषी प्रखंड को मिला गौरव

26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए बिहार से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 ग्राम पंचायत मुखियाओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस सूची में सहरसा जिले के महिषी प्रखंड की दो महिला मुखियाओं का नाम शामिल होना जिले और प्रखंड दोनों के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।

विशेष आमंत्रण पाने वालों में ग्राम पंचायत वीरगांव की मुखिया अर्चना आनंद और ग्राम पंचायत नहरवार की मुखिया नूतन भारती शामिल हैं। दोनों मुखियाओं को उनके पंचायत स्तर पर किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर यह सम्मान मिला है।

गणतंत्र दिवस समारोह में मुखियाओं के साथ उनके प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। वीरगांव पंचायत की मुखिया अर्चना आनंद के साथ उनके प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह जीसू, जबकि नहरवार पंचायत की मुखिया नूतन भारती के साथ उनके प्रतिनिधि नंदन कुमार दिल्ली में समारोह में शामिल होंगे।

इस विशेष सम्मान की खबर मिलते ही दोनों पंचायतों में खुशी और उत्साह का माहौल है। पंचायतवासियों ने इसे अपने जनप्रतिनिधियों की मेहनत और विकास कार्यों की पहचान बताया है। वहीं, महिषी प्रखंड के अन्य पंचायतों के मुखियाओं ने भी इसे पूरे प्रखंड के लिए गर्व का क्षण करार दिया है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें