थाना बड़ागांव क्षेत्र में समीर सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बड़ागांव और फूलपुर थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार यह वारदात 25 दिसंबर 2025 को शाम करीब 6 से 7 बजे दयालपुर गांव के पास हुई थी। उस समय कुछ लोगों के बीच रामू यादव और अभिषेक यादव से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान फायरिंग की गई, जिसमें रामू यादव को गोली लग गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो रहे थे, इसी दौरान समीर सिंह को भी गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रामू यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और वह अब स्वस्थ बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में थाना बड़ागांव में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।#बड़ागांव_हत्याकांड
#समीर_सिंह
#मर्डर_केस
#पुलिस_खुलासा
#क्राइम_न्यूज़