हिमाचल में मौसम का कहर: आंधी-तूफान और भारी हिमपात से जनजीवन प्रभावित

प्रदेशभर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली, जबकि कई इलाकों में हिमपात और ओलावृष्टि दर्ज की गई। खराब मौसम के चलते दिन के तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम क्षेत्रों में दो फीट तक भारी हिमपात हुआ है। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भी लगभग दो फीट बर्फ जमने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। समूची लाहुल घाटी में लगातार हिमपात हो रहा है, जिसके कारण लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क पूरी तरह कट गया है।

मनाली शहर में करीब तीन इंच हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिलों में लगभग एक फीट तक बर्फबारी हुई है। कुफरी और नारकंडा में छह इंच तक हिमपात हुआ, वहीं राजधानी शिमला में ओलावृष्टि के साथ बर्फ के फाहे गिरने की सूचना है।

डलहौजी में भी हिमपात हुआ है, जबकि चंबा जिले की प्रसिद्ध खजियार झील के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी दर्ज की गई है। लगातार खराब मौसम और बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 28 जनवरी को कुल्लू, मनाली और बंजार उपमंडल के साथ-साथ लाहुल-स्पीति जिले में सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और हिमपात की संभावना जताई है, जिससे जनजीवन पर असर बना रह सकता है।HimachalWeather

HeavySnowfall

RohtangPass

LahaulSpiti

Manali

WeatherAlert

SnowfallUpdate

SchoolClosed

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें