आगरा के नए मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप का इस शहर से गहरा नाता रहा है। पीसीएस (प्रांतीय सिविल सेवा) अधिकारी रहते हुए उन्होंने यहां एडीएम प्रोटोकॉल सहित कई पदों पर कार्य किया। मूल रूप से इटावा के निवासी नगेंद्र प्रताप वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह रविवार देर शाम आगरा मंडलायुक्त का कार्यभार संभाल सकते हैं।
कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शैलेंद्र सिंह को विदाई दी गई। शैलेंद्र सिंह 20 जनवरी 2025 को आगरा मंडलायुक्त बने थे। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली। इनमें उत्तरी बाइपास का संचालन शुरू होना, ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेसवे और आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे के कार्यों को आगे बढ़ाना शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने खेरिया एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव पर भी विशेष ध्यान दिया।
नवागत मंडलायुक्त से आगरा के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासनिक अनुभव और शहर से पुराने जुड़ाव के चलते स्थानीय लोग और अधिकारी उनके कार्यकाल को लेकर आशान्वित हैं।