थाना सिकंदरा क्षेत्र में ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां खुद को एक मंत्री का रिश्तेदार बताने वाले दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर एक गरीब परिवार से पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर मामला रुनकता पुलिस चौकी तक पहुंचा है।
पीड़ित अनिल कुमार, निवासी जारुआ कटरा, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2024 में दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को सत्ताधारी दल से जुड़ा प्रभावशाली नेता बताते हुए मंत्री और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई अपनी तस्वीरें दिखाईं।
आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर पार्टी और प्रशासनिक हलकों में अपनी मजबूत पहुंच का दावा करते हुए अनिल कुमार के बेटे को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसी विश्वास में आकर पीड़ित परिवार ने आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में कुल पांच लाख रुपये सौंप दिए।
जब काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी लगी और न ही रुपये वापस किए गए, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने रुनकता पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।#JobFraud
#PoliceJobScam
#FraudCase
#SikandraNews
#UPCrime
#Thagi
#CrimeNews