गुजरात के साबरकांठा जिले में खाद्य सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है, जहां डिटर्जेंट, यूरिया और अन्य रसायनों का उपयोग कर नकली दूध और छाछ तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह अवैध फैक्ट्री पिछले करीब पांच वर्षों से संचालित हो रही थी।
सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए श्री सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स नामक यूनिट पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम को बड़े पैमाने पर नकली डेयरी उत्पाद बनाने का नेटवर्क मिला।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने करीब 71 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। इसमें केमिकल, कच्चा माल, तैयार नकली डेयरी उत्पाद और फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली मशीनें शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पानी, मिल्क पाउडर, कास्टिक सोडा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, डिटर्जेंट पाउडर और यूरिया खाद को मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा इसी मिश्रण से छाछ भी बनाई जा रही थी, जिसे बाजार में असली उत्पाद बताकर बेचा जाता था।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के रसायनों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे पेट और आंतों से जुड़ी गंभीर बीमारियां, किडनी और लीवर से संबंधित समस्याएं होने का खतरा रहता है।
इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।#GujaratNews #FakeMilk #FoodSafety #Sabarkantha #Adulteration #CrimeNews #BreakingNews