कानपुर में एक 10 वर्षीय छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। जैसे ही बच्चे के स्कूल से घर न पहुंचने की जानकारी परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामबाग बजरिया निवासी अरुणेश मिश्रा का 10 वर्षीय पुत्र पार्थ मिश्रा अचानक लापता हो गया। पार्थ कौशलपुरी स्थित सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर में कक्षा चार का छात्र है। परिजनों ने बताया कि रोज की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद पार्थ को छात्र वैन से घर लौटना था, लेकिन वह वैन में नहीं बैठा।
वैन चालक के अनुसार, छुट्टी के बाद जब बच्चों की गिनती की गई, तो पार्थ वैन में मौजूद नहीं था। हैरान करने वाली बात यह रही कि पार्थ का स्कूल बैग वैन के अंदर ही मिला। इस जानकारी के बाद तुरंत परिजनों को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही परिवार स्कूल और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश में जुट गया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और स्कूल परिसर, रास्तों तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है। बच्चे के दोस्तों, स्कूल स्टाफ और वैन चालक से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पार्थ आखिरी बार कहां देखा गया था।
फिलहाल, पुलिस और परिजन बच्चे की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद में लगातार प्रयास कर रहे हैं।#KanpurNews #MissingChild #ParthMishra #StudentMissing #UPNews #PoliceInvestigation #CCTV