छात्र अंकित की मौत पर हंगामा: इलाज में लापरवाही का आरोप, कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने रोकी अंत्येष्टि

ढकिया तिवारी गांव निवासी छात्र अंकित चौहान की मौत के बाद इलाज में लापरवाही और मेडिकल कॉलेज परिसर में कथित मारपीट के आरोपों को लेकर परिजनों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित स्वजन ने अंत्येष्टि करने से इनकार कर दिया और गांव के बाहर शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात उस वक्त और तनावपूर्ण हो गए, जब दो युवक पास ही स्थित ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सलोना कुशवाहा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और विधायक के भरोसे के बाद अंत्येष्टि की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

गौरतलब है कि अंकित चौहान की रविवार को सदर क्षेत्र के मोक्षधाम रेलवे क्रॉसिंग के पास डाउन लाइन से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद छात्र के इलाज में लापरवाही बरती गई और मेडिकल कॉलेज में उसके साथ मारपीट भी की गई, लेकिन अब तक जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

फिलहाल प्रशासन ने जांच का भरोसा दिलाया है। परिजन और ग्रामीण मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।#AnkitChauhan #StudentDeath #MedicalNegligence #Protest #VandeBharat #PoliceAction #LocalNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें