सिरोल में बैंककर्मी महिला से 1.26 लाख की साइबर ठगी, क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर जाल

सिरोल इलाके से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी को ही अपने जाल में फंसा लिया। खुद बैंकिंग और वित्तीय लेनदेन की जानकारी रखने के बावजूद महिला साइबर ठगों का शिकार हो गई। ठगों ने खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताकर महिला से कुल 1 लाख 26 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनजान कॉल से शुरू हुई ठगी

पीड़िता नेहा शर्मा सिरोल की निवासी हैं और मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में पदस्थ हैं। वर्तमान में वह थाटीपुर शाखा में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, नेहा के मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी की प्रतिनिधि बताने लगी।

बताया जा रहा है कि कॉल करने वाली महिला होने के कारण पीड़िता को उस पर अधिक भरोसा हो गया। बातचीत के दौरान ठग ने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी अपडेट करने का हवाला देकर नेहा से विभिन्न जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 1.26 लाख रुपये निकाल लिए गए।

जब पीड़िता को खाते से पैसे कटने का मैसेज मिला, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है और कॉल डिटेल्स व डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।#CyberFraud #SirolNews #CyberCrime #BankEmployee #DigitalScam #MPNews #PoliceInvestigation #BreakingNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें