देहरादून में पकड़ा गया विक्रम शर्मा: झारखंड गैंगस्टर अखिलेश सिंह का ‘आपराधिक गुरु’ निकला

देहरादून में स्टोन क्रशर संचालक के रूप में सक्रिय रहे विक्रम शर्मा का चौंकाने वाला आपराधिक अतीत सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि वह झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह का आपराधिक गुरु रहा है।

सूत्रों के अनुसार, करीब एक दशक पहले विक्रम अपनी पहचान बदलकर देहरादून में रह रहा था। बाद में जमशेदपुर पुलिस ने उसे देहरादून स्थित किराये के फ्लैट से गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि जमशेदपुर में बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने की रणनीति उसी ने तैयार की थी।

2 नवंबर 2007 को साकची आमबागान के पास श्रीलेदर्स के मालिक आशीष डे की हत्या के मामले में अखिलेश सिंह के साथ विक्रम शर्मा का नाम भी सामने आया था। इस घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, विक्रम ने बाद में अखिलेश सिंह को गिरोह का चेहरा बना दिया और खुद पर्दे के पीछे से संचालन करता रहा। गिरोह पर टाटा स्टील के अधिकारी जयराम सिंह, ट्रांसपोर्टर अशोक सिंह समेत कई लोगों की हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे।

‘मैनेजमेंट गुरु’ के तौर पर पहचान

विक्रम शर्मा को गिरोह के भीतर ‘मैनेजमेंट गुरु’ के रूप में जाना जाता था। बताया जाता है कि वह मृदुभाषी, शांत स्वभाव और व्यवहार कुशल व्यक्ति के रूप में अपनी छवि बनाकर रखता था।

2004 से 2009 के बीच जमशेदपुर में कई थाना प्रभारियों से लेकर डीएसपी स्तर के अधिकारियों तक पर उसके प्रभाव की चर्चा रही। विभिन्न राजनीतिक दलों के कुछ नेताओं और मीडिया से जुड़े व्यक्तियों से भी उसके संपर्क बताए जाते हैं।

फिलहाल मामले से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है और पुलिस पुराने मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।#VikramSharma #AkhileshSingh #JharkhandCrime #Dehradun #Jamshedpur #GangsterNetwork #CrimeNews #BreakingNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें