समस्तीपुर में महिला बैंक अधिकारी ने पति-ससुराल पर दहेज उत्पीड़न और फर्जी लोन का आरोप लगाया

सदर थाना क्षेत्र के राहुल नगर इलाके में कार्यरत एक महिला बैंक अधिकारी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता शुभांगी ने महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

एफआईआर में समस्तीपुर के ताजपुर निवासी पति साकेत कृष्णा, ससुर कृष्णा कुमार सिंह, सास रीता देवी और देवर सिद्धार्थ कृष्णा को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

40 लाख रुपये चुकाने का दबाव

आवेदन के अनुसार, पीड़िता का विवाह वर्ष 2017 में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने उस पर स्थानीय लोगों से लिए गए 40 लाख रुपये के कथित कर्ज को चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि अपनी जान को खतरा देखते हुए उसने अपनी सैलरी से रकम चुकाई और मायके की जमीन बेचकर भी ससुराल वालों की आर्थिक मांगों को पूरा किया।

नाम पर लोन, कार जब्त करने का आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके नाम पर उसी बैंक से लोन उठाया गया, जहां वह कार्यरत है। उस लोन से खरीदी गई कार को उसके देवर ने जबरन अपने कब्जे में ले लिया।

गंभीर बात यह है कि कार की ईएमआई अब भी पीड़िता की सैलरी से कट रही है। इसके बावजूद, प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

शारीरिक उत्पीड़न का भी आरोप

एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि उत्पीड़न का स्तर इतना बढ़ गया कि पीड़िता का पैर टूटने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।

पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।#DowryCase #WomenSafety #Samastipur #DomesticViolence #BiharCrime

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें