महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया है। मथुरा से कासगंज के बीच मध्यम और भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रमुख हाईवे मार्गों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यह ट्रैफिक डायवर्जन 16 फरवरी तक, महाशिवरात्रि पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर दो दिन तक वाहन ले जाने से परहेज करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
इन मार्गों पर किया गया डायवर्जन
सिकंदराराऊ की ओर से आने वाले वाहन:
मध्यम और भारी वाहनों को वाहनपुर कोतवाली हाथरस जंक्शन से मथुरा-बरेली हाईवे के जरिए रुहेरी और राया बाईपास से होते हुए अलीगढ़, मथुरा और आगरा की ओर मोड़ा जाएगा।
मथुरा की ओर से आने वाले वाहन:
ऐसे वाहनों को मुरसान चौराहा, हतीसा पुल, प्रताप चौराहा और इगलास रोड बाईपास मार्ग से आगरा एवं अलीगढ़ की दिशा में भेजा जाएगा।
कासगंज की ओर जाने वाले वाहन:
सभी मध्यम और बड़े वाहनों को सर्दला पुल से बाईपास कर जनपद एटा और अलीगढ़ के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
आगरा की ओर से आने वाले वाहन:
चौधरी चरण सिंह चौराहा और नगला भुस तिराहा से बाईपास कर हतीसा पुल के रास्ते जनपद अलीगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन:
रुहेरी तिराहा और प्रताप चौराहा होते हुए कोतवाली हाथरस गेट से मथुरा-बरेली हाईवे के जरिए मथुरा और आगरा की दिशा में भेजा जाएगा।
जलेसर की ओर से आने वाले वाहन:
चामड गेट चौराहा, डीआरबी तिराहा, मधुगढ़ी तिराहा और इगलास फाटक होते हुए प्रताप चौराहा इगलास रोड बाईपास से आगरा एवं अलीगढ़ की ओर मार्ग निर्धारित किया गया है।
एटा की ओर से आने वाले वाहन:
अलीगढ़-एटा बाईपास के माध्यम से वाहनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड आदि को आवश्यकतानुसार रूट के अनुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
सादाबाद में मीट-अंडे की दुकानों को लेकर ज्ञापन
इधर, सादाबाद क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर मीट और अंडे की दुकानों को बंद रखने की मांग उठी है। अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी सादाबाद को ज्ञापन सौंपकर मंदिर मार्गों पर लगने वाली मीट और अंडे की ढकेलों को हटाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मंदिर जाने वाले रास्तों पर मीट और अंडे की दुकानों के संचालन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। प्रतिनिधिमंडल में राजू सिंह एडवोकेट, सुरेंद्र सिंह कुशवाहा एडवोकेट, तपन जोहार और राजेंद्र कुमार अग्रवाल एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।#महाशिवरात्रि #RouteDiversion #TrafficAdvisory #KanwarYatra #Mathura #Kasganj #UPPolice