दरभंगा में प्रस्तावित एम्स के निर्माण को लेकर अहम प्रगति सामने आई है। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम जल्द ही परियोजना स्थल का आकलन करेगी। यह जानकारी स्थानीय सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दी।
सांसद ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर दरभंगा एम्स परियोजना को टाइम-बाउंड मोड में आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने मंत्री को एक औपचारिक पत्र सौंपते हुए निर्माण प्रक्रिया में आवश्यक तेजी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
समय पर निर्माण को लेकर संशय
डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भूमि पूजन के समय वर्ष 2027 के अंत तक एम्स तैयार होने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, मौजूदा प्रगति को देखते हुए उसे हासिल करना चुनौतीपूर्ण प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने बताया कि परियोजना की गति को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में तकनीकी टीम का स्थल निरीक्षण निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगा और आगे की कार्ययोजना तय करने में मददगार साबित होगा।
दरभंगा एम्स को मिथिलांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के बाद निर्माण कार्यों में कितनी तेजी आती है।#DarbhangaAIIMS
#BiharNews
#HealthInfrastructure
#JP_Nadda
#GopaljiThakur
#AIIMSProject
#Mithilanchal
#DevelopmentNews