गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव उधरनपुर अजमतनगर के अंतर्गत कस्बा धनारी के पास प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटाया। इस दौरान बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त किया गया।
तहसीलदार अनुज चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कानूनगो अनिल कुमार गुप्ता और चकबंदी लेखपाल प्रमोद शर्मा की टीम शामिल रही। टीम ने गाटा संख्या 622 और 623 में किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पूर्व प्रधान के आवास से जुड़ी बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गाटा संख्या 622 की 0.0980 हेक्टेयर और गाटा संख्या 623 की 0.5310 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। यह भूमि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान नवीन प्रति के रूप में छोड़ी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया गया था, जिसे अब हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।#Gunnaur #Encroachment #BulldozerAction #UPNews #Administration #LandDispute #BreakingNews