वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के अंदर रसोई तक गैस कनेक्शन अवश्य हो : रविन्द्र जायसवाल

 घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सुविधा अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य हर घर तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से शहर के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैम्प लगाए गए हैं। इन कैम्पों में नागरिकों को घरेलू गैस पाइपलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन करने की सुविधा दी जा रही है।रविवार को मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में विशेष कैम्प का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली और जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अतिरिक्त, शहर और आसपास के क्षेत्रों में घरों तक गैस पहुंचाने के लिए लगभग 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन का जाल बिछाया गया है।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में लगाए गए विशेष कैम्पों में नागरिकों को घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने की सुविधा दी जा रही है। यहां उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी नागरिकों को योजना की पूरी जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं। कैम्प में आने वाले नागरिकों को बताया जा रहा है कि आवेदन कैसे करना है, किन दस्तावेजों की आवश्यकता है और कनेक्शन मिलने की प्रक्रिया क्या होगी। इससे नागरिकों में इस सुविधा को लेकर उत्साह बढ़ा है।

मंत्री ने नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और आवेदन करें ताकि वे जल्द से जल्द अपने घरों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के अंदर रसोई तक गैस कनेक्शन हो जाना चाहिए। गेल के अधिकारियों ने बताया कि कनेक्शन एवं आपूर्ति के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 7268071339, 9454535384 पर कभी भी शिकायत की जा सकती है।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें