हिमाचल प्रदेश में फ्री बिजली व सब्सिडी को लेकर जल्द ही बड़ा फैसला सामने आ सकता है। आगामी बजट के बाद राज्य में यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितने बिजली मीटरों पर सब्सिडी जारी रहेगी। वर्तमान में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली के साथ-साथ सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है, अब सरकार इस व्यवस्था में बदलाव करने की तैयारी में है।
राज्य बिजली बोर्ड ने इस मुद्दे पर एक विस्तृत सर्वेक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट सरकार को भेज दी है। इस रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि एक परिवार में सीमित संख्या में ही मीटरों पर सब्सिडी दी जाए।
दो या चार मीटर तक ही सब्सिडी की तैयारी
बोर्ड ने प्रस्ताव रखा है कि अधिकतम दो या चार मीटरों तक ही सब्सिडी सीमित की जा सकती है। इससे उन मामलों पर रोक लग सकेगी जहां एक ही परिवार कई मीटर लगवाकर अधिक सब्सिडी का लाभ ले रहे हैं। बोर्ड के सर्वे में सामने आया है कि कई स्थानों पर एक ही नाम पर 40 से अधिक मीटर भी लगे हैं। सब्सिडी और मुफ्त बिजली
अभी तक राज्य में सभी घरेलू मीटरों पर 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है। इसके अलावा, तय सीमा से अधिक खपत पर भी सब्सिडी का लाभ मिलता है। हालांकि, इस व्यवस्था से राज्य सरकार और बिजली बोर्ड पर वित्तीय बोझ लगातार बढ़ रहा है।