तंबाकू पर टैक्स बढ़ने के बाद महेंद्रगढ़ में ब्लैक मार्केटिंग जोरों पर, 5 रुपये वाली चीज बेच रहे 25 में

 महेंद्रगढ़ जिले में तंबाकू उत्पादों की कालाबाजारी बढ़ गई है। एक ओर सरकार तंबाकू सेवन पर नियंत्रण के लिए सख्त नियम लागू कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय बाजारों में कुछ व्यापारी इस स्थिति का फायदा उठाकर मनमाने दाम वसूल रहे हैं। हालत यह है कि पांच रुपये में मिलने वाला तंबाकू पाउच अब 20 से 25 रुपये तक बेचा जा रहा है।

शहर के प्रमुख शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स और बाजारों में यह कालाबाजारी खुलेआम देखी जा सकती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि दुकानदार उत्पादों की कमी का हवाला देकर ऊंचे दाम वसूल रहे हैं। कई जगहों पर ग्राहक मजबूरी में बढ़ी कीमत चुकाने को विवश हैं, क्योंकि लगभग सभी दुकानों पर एक जैसे दाम वसूले जा रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में टैक्स में हुए बदलाव और सप्लाई में कमी को बहाना बनाकर यह अवैध वसूली की जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों को जानकारी होने के बावजूद इस समस्या की अनदेखी की जा रही है।इस कालाबाजारी का सबसे अधिक असर निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है, जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं। एक उपभोक्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पांच रुपये की चीज के लिए 20-25 रुपये देना सरासर गलत है, लेकिन मजबूरी में हमें खरीदना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जब किसी उत्पाद की उपलब्धता में कमी आती है या नियमों में बदलाव होता है, तो कुछ व्यापारी इसका गलत फायदा उठाते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि बाजार पर निगरानी रखे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें