अब अपनी स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं, आभा आईडी से मोबाइल पर मिलेंगे हेल्थ रिकॉर्ड

 कौशांबी स्थित होटल रेडिसन ब्लू में रविवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों से सीएमओ समेत स्वास्थ्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण रितु माहेश्वरी कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं और डिजिटल रूप में योजना को सशक्त बनाने पर जोर दिया।

कई वरिष्ठ अधिकारी हुए शामिल

कार्यशाला में निदेशक एबीडीएम एनएचएम भारत सरकार डा. पंकज अरोड़ा और सीडीओ अभिनव गोपाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रदेश नोडल अधिकारी डाॅ. मोहित सिंह ने किया।आभा आईडी से डिजिटल होंगे स्वास्थ्य रिकॉर्ड

डाॅ. मोहित सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्रत्येक नागरिक को एक विशिष्ट डिजिटल हेल्थ आईडी (आभा आईडी) प्रदान की जाती है।

आभा आईडी मरीज के सभी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में एक ही स्थान पर सुरक्षित रखने में सहायता करती है। इससे मरीज को हर बार अस्पताल जाने पर अपने पुराने रिकॉर्ड साथ ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

टेलीमेडिसिन से विशेषज्ञों से मिलेगा परामर्श

इसके अलावा यह मिशन चिकित्सकों, अस्पतालों और मरीजों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ता है। ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह विशेष रूप से लाभकारी है।

क्योंकि इससे मरीज टेलीमेडिसिन के माध्यम से जुड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से आभा आईडी बनवाने और अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड मोबाइल पर सुरक्षित रखने की अपील की।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें