कहीं आंधी-तूफान तो कहीं भारी बारिश… बिहार से राजस्थान तक 17 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

देशभर में अभी भी मानसून की रफ्तार अभी भी सुस्त बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज पूरे देश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे।

एक तरफ जहां पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट है, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-तूफान और कुछ इलाकों में भीषण लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। राहत की बात यह है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर- अगले 2 घंटे में आंधी और बारिश का अलर्ट

बात अगर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली की करें तो दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय बदलावों के कारण दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान गिरेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली के कौन-कौन से इलाके में होगा प्रभाव?

दिल्ली के प्रभावित इलाकों की बात करें तो नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, जाफरपुर, वसंत विहार, वसंत कुंज और आयानगर में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। वहीं एनसीआर और हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, बहादुरगढ़, गोहाना, गन्नौर और सोनीपत में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है।राजस्थान में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से ‘तूफानी’ आंधी

राजस्थान में आज मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखा सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके कभी-कभार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का ‘कहर’

देश में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वोत्तर राज्यों में होने का अनुमान है। मौसम विभाग की माने तो अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने और भूस्खलन का खतरा है। वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

अब जानिए मध्य भारत का हाल

बात अब मध्य भारत की करतें हैं। मौसम विभाग की माने तो बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। बिहार-झारखंड में बिजली गिरने और 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। वहीं पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों (उप-हिमालयी क्षेत्रों) में भारी बारिश की चेतावनी है।

ओडिशा में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं का अलर्ट है। इसके अलावा मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी) में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बिजली गिरने और बारिश की संभावना है।

महाराष्ट्र में दोहरी मार- कहीं लू, कहीं उमस

मौसम विभाग की माने तो महाराष्ट्र में दो तरह का मौसम देखने को मिलेगा। कोंकण और गोवा में मौसम काफी उमस भरा रहेगा। वहीं विदर्भ और मराठवाड़ा में फिलहाल लू का प्रकोप जारी रहेगा, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि मौसम के इस बदलते स्वरूप को देखते हुए मौसम विभाग ने सलाह दी है कि देश के जिन हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट है, वहां गरज-चमक के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और खुले में जाने से बचें।

Leave a Comment

शहर चुनें