धरना-प्रदर्शन पर रोक के खिलाफ अभय चौटाला का सरकार पर हमला, आदेश वापस लेने की मांग

धरना-प्रदर्शन पर रोक के खिलाफ अभय चौटाला ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर राज्य सरकार के उस आदेश को वापस लेने की मांग की है, जिसके तहत सितंबर तक धरना-प्रदर्शन और रैलियों के आयोजन पर रोक लगाई गई है।

अभय चौटाला ने अपने पत्र में इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे जनता की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है।

इनेलो नेता ने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय उन लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है जो जनहित के मुद्दों को उठाते हैं। उनके अनुसार लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना, सरकार से सवाल पूछना और जवाबदेही मांगना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है।

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से पारदर्शिता, सत्य और जवाबदेही की अपेक्षा रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य की वित्तीय स्थिति वास्तव में कमजोर है, तो सरकार को अनावश्यक खर्चों में कटौती करनी चाहिए, न कि लोकतांत्रिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से 10 जून को जारी आदेश पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की, ताकि प्रदेश के नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सकें।AbhayChautala #INLD #HaryanaPolitics #NayabSaini #Democracy #ProtestBan #HaryanaNews #PoliticalNews

Leave a Comment

शहर चुनें