एनबीए में जीत की खुशियां मातम में बदली, टाइम्स स्क्वायर पर जश्न के दौरान फायरिंग; 63 उपद्रवी गिरफ्तार

अमेरिका की न्यूयॉर्क निक्स ने पूरे 53 साल के लंबे इंतजार के बाद एनबीए (NBA) बास्केटबॉल चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत की खुशी कुछ ही घंटों में मातम और हिंसा में बदल गई।

शनिवार रात को जीत का जश्न मना रही भारी भीड़ के बीच न्यूयॉर्क के मशहूर ‘टाइम्स स्क्वायर’ पर अचानक गोलियां चल गईं, जिससे भगदड़ मच गई। हिंसा और हंगामे की इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने अब तक 63 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।टाइम्स स्क्वायर पर गोलीबारी और चाकूबाजी

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में टाइम्स स्क्वायर (42वें स्ट्रीट और ब्रॉडवे) के पास कम से कम 7 बार गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही है। इस गोलीबारी में एक 17 साल का लड़का घायल हो गया। सड़कों पर फैंस की भारी भीड़ के कारण जब एम्बुलेंस वहां नहीं पहुंच पाई, तो पुलिस ने अपनी गाड़ी में ही घायल लड़के को अस्पताल पहुंचाया।गोलीबारी के अलावा जश्न के दौरान हुई आपसी झड़पों में 4 लोगों को चाकू भी मार दिया गया। एक अन्य वीडियो में पुलिसकर्मी एक शख्स को दबोचकर उसके पास से भरी हुई बंदूक बरामद करते दिख रहे हैं।

सरकारी गाड़ियों को फूंका, बसों पर कब्जा

इतना ही नहीं जैसे ही न्यूयॉर्क निक्स की जीत पक्की हुई, फैंस बेकाबू हो गए। हुड़दंगियों ने पुलिस की गाड़ियों पर डंडों और बैट से हमला किया, उनके शीशे तोड़ दिए और 5 पुलिस वाहनों व 5 स्कूल बसों को आग के हवाले कर दिया। ये स्कूल बसें शहर में चल रहे फुटबॉल वर्ल्ड कप के मैचों के लिए दर्शकों को स्टेडियम ले जाने के काम में लगी थीं।

लोग इन बसों की छतों पर चढ़ गए, कुछ ड्राइविंग सीट पर बैठ गए और हुड़दंग मचाया। इसके अलावा कई लोग बिजली के खंभों और ट्रैफिक लाइटों पर चढ़ गए और भीड़ के बीच ही पटाखे फोड़ने लगे।

10 पुलिसकर्मी घायल, 63 गिरफ्तार

बता दें कि इस पूरी हिंसा को काबू करने के दौरान 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिसकर्मी के चेहरे पर मुक्का मारा गया, जबकि दूसरे पर कांच की बोतल से हमला किया गया। न्यू यॉर्क पुलिस के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर पुलिस पर हमला करने, अवैध हथियार रखने और दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

Leave a Comment

शहर चुनें