गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबे चार किशोर, एक का शव मिल, तीन की तलाश जारी; एसएसपी मौके पर डटे

तिवारीपुर के माधोपुर इलाके में मंगलवार को राप्ती नदी में चार किशोरों के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डाॅ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव अभियान की निगरानी शुरू कर दी। देर शाम तक एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, न्यू माधोपुर कॉलोनी निवासी सतीश यादव का 13 वर्षीय पुत्र सर्वेश यादव नदी में डूब गया था। उसे बाहर निकालकर तत्काल बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।वहीं, न्यू माधोपुर कॉलोनी निवासी विक्की यादव की 13 वर्षीय पुत्री पीहू यादव का अब तक पता नहीं चल सका है। स्वजन के अनुसार सर्वेश और पीहू भैंस चराने के लिए नदी किनारे गए थे। दोपहर करीब दो बजे दोनों नदी में उतर गए और गहरे पानी में चले गए।इसी दौरान चार बच्चों के नदी में डूबने की सूचना फैल गई, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का दावा है कि नदी में चार किशोर नहा रहे थे।

हालांकि, पुलिस अभी तक केवल सर्वेश और पीहू की ही पहचान कर सकी है। दो अन्य बच्चों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस और प्रशासन उन दोनों की पहचान तथा वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटे हैं।

नदी किनारे जुटी भीड़, स्वजन बेहाल

सर्वेश की मौत की खबर मिलते ही न्यू माधोपुर कॉलोनी में मातम छा गया। घर पर स्वजन और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं लापता पीहू के स्वजन नदी किनारे बचाव दल की गतिविधियों पर नजर लगाए हुए हैं। हर गुजरते घंटे के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।

Leave a Comment

शहर चुनें