जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पांचवीं कक्षा के एक छात्र की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एक वार्ड स्थित भगवती पोखर में रविवार सुबह करीब 10 बजे मोहल्ले के चार से पांच बच्चे स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान विकास कुमार कामत के 10 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर चला गया।
बताया जा रहा है कि अविनाश को तैरना नहीं आता था और गहराई अधिक होने के कारण वह पानी में डूबने लगा। साथी बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना के दौरान बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पोखरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले जाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।#Bahadurpur #DrowningCase #StudentDeath #BreakingNews #BiharNews #AccidentNews #ChildSafety #LocalNews #PondAccident #PoliceInvestigation