UPTET अभ्यर्थियों के लिए राहत, गोरखपुर-लखनऊ के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन, 350 अतिरिक्त बसें भी तैनात

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेलवे और परिवहन विभाग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 2 से 4 जुलाई तक गोरखपुर और लखनऊ के बीच विशेष परीक्षा ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार परीक्षा स्पेशल ट्रेन में कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी और शयनयान श्रेणी के 10 कोच शामिल होंगे। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

05031 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन गोरखपुर से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोण्डा, करनैलगंज, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए रात 12:35 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

वहीं, 05032 लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 2 से 4 जुलाई तक लखनऊ जंक्शन से रात 1:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बादशाहनगर, बाराबंकी, करनैलगंज, गोण्डा, मनकापुर, बभनान, बस्ती और खलीलाबाद में ठहराव के बाद सुबह 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

इधर, परिवहन निगम ने भी परीक्षा को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर परिक्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर 350 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार सर्वाधिक परीक्षार्थियों के आवागमन की संभावना महराजगंज जिले में है। इसे देखते हुए गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर अतिरिक्त बसों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।#UPTET2026 #UPTETSpecialTrain #UPTETExam #SpecialTrain #GorakhpurNews #LucknowNews #UPRoadways #UPTETUpdate #EducationNews #GovernmentJobs #TeacherExam #UPNews #RailwayNews #BreakingNews #LatestNews

Leave a Comment

शहर चुनें