लखनऊ: Dr. A.P.J. Abdul Kalam Technical University (AKTU) ने शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया। विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की कक्षाएं निर्धारित तिथियों पर शुरू की जाएंगी।
कैलेंडर के मुताबिक बीटेक सहित सभी स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों के तीसरे, पांचवें, सातवें और नवें सेमेस्टर की कक्षाएं 14 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी। वहीं, प्रथम वर्ष के सभी पाठ्यक्रमों के छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत एक अगस्त 2026 से होगी।
इसके अलावा बीफार्मा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं एक सितंबर 2026 से शुरू की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को नए विद्यार्थियों के प्रवेश से संबंधित सूची एक सितंबर तक जमा करने के निर्देश दिए हैं, जबकि बीफार्मा पाठ्यक्रम के लिए यह समय सीमा 15 सितंबर निर्धारित की गई है।
एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार नए छात्र-छात्राओं के नामांकन और पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। वहीं, परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि निर्धारित समयसीमा के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन से सत्र नियमित रहेगा और छात्रों को समयबद्ध तरीके से शैक्षणिक प्रक्रियाओं का लाभ मिल सकेगा।