पलवल साइबर थाना पुलिस ने इनकम ग्रोथ प्लान के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) के पोंटा साहिब के रहने वाले विश्वास अग्रवाल के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि होडल की सैनिक कालोनी के रहने वाले विनोद कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित ने यूट्यूब पर इनकम ग्रोथ प्लान का एक विज्ञापन देखा था, जिसके बाद उसे एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में ठगों ने महज तीन महीने में 500 फीसदी मुनाफा देने का लालच दिया और प्ले स्टोर से एक ऐप डाउनलोड करवा दिया।63 लाख रुपये की ठगी
इस झांसे में आकर पीड़ित विनोद कुमार ने भारी मुनाफे के लालच में अपने और अपने बच्चों के बैंक खातों से सारी जमा-पूंजी मिलाकर कुल 63 लाख रुपये ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़ित ने रकम निकालनी चाही, तो आरोपितों ने और पैसों की मांग की, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। आरोपित ने मामले की शिकायत पुलिस में दी।
शिकायत मिलने पर पलवल साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों और बैंक रिकार्ड्स को खंगाला, तो पता चला कि ठगी गई कुल राशि में से 10 लाख रुपये इंडसइंड बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुए थे। यह खाता पोंटा साहिब के विश्वास अग्रवाल के नाम पर था।
संदिग्ध सिम कार्ड भी बरामद
साइबर पुलिस ने जाल बिछाकर तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना पर चार जुलाई को विश्वास अग्रवाल को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से से वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन और संदिग्ध सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि ठगी की रकम बरामद करने और इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य सह-आरोपितों का पता लगाने के लिए विश्वास अग्रवाल को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी।
पलवल के पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने आम जनता से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर दिखने वाले अत्यधिक मुनाफे और निवेश के लुभावने विज्ञापनों के झांसे में बिल्कुल न आएं। यदि कोई भी व्यक्ति ऐसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या अपने नजदीकी साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराए।CyberCrime #CyberFraud #Palwal #HaryanaNews #OnlineScam #InvestmentFraud #CyberPolice #CrimeNews #BreakingNews #CyberSafety