मथुरा। साइबर अपराधियों के खिलाफ मंगलवार तड़के मथुरा पुलिस ने बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाते हुए चार थाना क्षेत्रों में एक साथ 28 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन शुरू किया गया है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से साइबर ठगी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में आठ क्षेत्राधिकारी, 16 थानों की पुलिस, दो कंपनी पीएसी तथा करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पूरे अभियान की रणनीति पहले से तैयार की गई थी, ताकि सभी संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर साइबर अपराधियों को घेर लिया जाए।
पुलिस ने कोसीकलां थाना क्षेत्र के उटावड़, शेरगढ़ थाना क्षेत्र के जंघावली, बरसाना थाना क्षेत्र के हाथिया और गोवर्धन थाना क्षेत्र के देवरस गांव में एक साथ छापेमारी की। इन इलाकों को साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के सक्रिय केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली और 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर उनके दस्तावेजों एवं गतिविधियों का सत्यापन शुरू किया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हिरासत में लिए गए लोगों का साइबर ठगी के मामलों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है या नहीं।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की पहचान करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। #Mathura #CyberCrime #CyberFraud #MathuraPolice #UPPolice #PoliceRaid #BreakingNews #CrimeNews #UttarPradesh #LatestNews