वन महोत्सव के समापन पर निकली पौधों की अनोखी बारात, नीम बनी दुल्हन और बरगद बना दूल्हा

वन विभाग की ओर से मंगलवार को वन महोत्सव के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधों की अनूठी बारात निकाली गई। इस अनोखी पहल में नीम के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया गया, जबकि बरगद के पौधे को दूल्हे के रूप में बग्गी पर विराजमान किया गया।

बारात में शहतूत, सहजन, वट वृक्ष, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों को शामिल किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बाराती बनकर शामिल हुए। बैंड-बाजों की धुन पर सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

इस अनोखी बारात का उद्देश्य लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।

शिल्पग्राम से ताज नेचर पार्क तक निकली बारात

वन विभाग द्वारा 1 से 7 जुलाई तक आयोजित वन महोत्सव के समापन पर यह विशेष आयोजन किया गया। पौधों की यह बारात शिल्पग्राम स्थित अमर विलास होटल से शुरू होकर ताज नेचर पार्क तक निकाली गई।

पूरे मार्ग में बैंड-बाजों की धुन पर चल रही इस बारात में वट वृक्ष, पीपल, सहजन, शहतूत और अन्य पौधों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ बारातियों की भूमिका में नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक भीम सेन ने किया।#VanMahotsav #Environment #Plantation #TreePlantation #GreenIndia #ForestDepartment #Nature #EcoAwareness #Agra #EnvironmentalConservation

Leave a Comment

शहर चुनें