डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भारतभारी के मल्हवार गांव में मंगलवार रात एक युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। दुखद संयोग यह रहा कि युवक उसी दिन शाम को दिल्ली से अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ समय बाद वह धान की नर्सरी में सिंचाई करने खेत गया, जहां विषैले सांप के डसने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मल्हवार गांव निवासी 32 वर्षीय सफीउर्रहमान, पुत्र मोहम्मद उमर, मंगलवार शाम करीब सात बजे दिल्ली से अपने घर पहुंचे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने पानी पिया और फिर धान की रोपाई के लिए तैयार नर्सरी की सिंचाई करने कुदाल लेकर खेत चले गए।
खेत में काम करने के दौरान उन्हें किसी विषैले सांप ने डस लिया। शुरुआत में उन्हें सर्पदंश का एहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।#SnakeBite #Dumariyaganj #Siddharthnagar #UttarPradesh #VillageNews #AccidentNews #Monsoon #HindiNews #BreakingNews #SnakebiteDeath