अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा गठित एक अंतर-विभागीय समिति ने फिल्म के ऑनलाइन प्रसारण पर लगी रोक को फिलहाल जारी रखने की सिफारिश की है। सूत्रों के अनुसार, समिति का मानना है कि फिल्म की विषयवस्तु भारत की संप्रभुता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं को प्रभावित कर सकती है।
निर्देशक हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित बताई जा रही है। खालड़ा ने पंजाब में वर्ष 1984 से 1994 के बीच कथित तौर पर हजारों अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार से जुड़े मामलों को सार्वजनिक किया था। वर्ष 1995 में उनका कथित अपहरण कर हत्या कर दी गई थी।
इससे पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए फिल्म के ऑनलाइन प्रसारण पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद फिल्म को तीन जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए जाने के महज दो दिन के भीतर हटा लिया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, अंतर-विभागीय समिति ने मामले की समीक्षा के बाद मौजूदा प्रतिबंध को बनाए रखने की सिफारिश की है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय सरकार की ओर से लिया जाएगा। फिलहाल, फिल्म की डिजिटल स्ट्रीमिंग पर रोक जारी रहने की संभावना बनी हुई है।#DiljitDosanjh #Satluj #Bollywood #OTT #ZEE5 #Punjab #EntertainmentNews #BreakingNews #India



