भागलपुर। शहरी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नई सफाई एजेंसी के चयन को लेकर तैयार किए गए मॉडल प्राक्कलन में आवश्यक संशोधन कर अंतिम रूप दे दिया गया है।
नगर निगम ने सशक्त स्थायी समिति और पार्षदों के साथ हुई लगातार बैठकों के बाद सफाई व्यवस्था से जुड़े सुझावों और आवश्यक बदलावों को शामिल किया है। यह संशोधन मुख्य रूप से सफाई संसाधनों में बढ़ोतरी और व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
बुधवार को मेयर डॉ. बसुंधरा लाल की अध्यक्षता में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की मौजूदगी में आयोजित बैठक में संशोधित प्रस्ताव पर सहमति बनी। बैठक के बाद मेयर, डिप्टी मेयर और सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों ने प्रस्ताव से संबंधित कार्यवाही (प्रोसीडिंग) पर हस्ताक्षर किए।
नगर निगम के इस निर्णय के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया में संशोधित प्रावधानों को शामिल किया जाएगा, ताकि सफाई कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सके। #Bhagalpur #NagarNigam #CleanCity #SanitationSystem #UrbanDevelopment #BiharNews #MunicipalCorporation #HindiNews



