राहुल गांधी का देहरादून दौरा 17 जुलाई को, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से करेंगे संवाद

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जून में राजस्थान के कोटा से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का अगला कार्यक्रम 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित किया जाएगा।

देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू रेसकोर्स मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी करीब दो घंटे तक छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती परीक्षाओं, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। पार्टी ने उनके दौरे की रूपरेखा को लगभग अंतिम रूप दे दिया है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी 17 जुलाई को दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से देहरादून जाएंगे।

दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे एक होटल में वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों, नेता प्रतिपक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद राहुल गांधी शाम करीब छह बजे बन्नू रेसकोर्स स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच साझा नहीं करेंगे और अकेले ही छात्रों से बातचीत करेंगे।#RahulGandhi #Uttarakhand #Dehradun #Congress #StudentsKiGoonj #YouthIssues #PoliticsNews #HindiNews

Leave a Comment

शहर चुनें