एनडीए की ‘मंगल मिलन’ बैठक में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, पेपर लीक के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

संसद भवन की लाइब्रेरी बिल्डिंग स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। इस विशेष बैठक का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान करने और राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत करने के उद्देश्य से किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार का सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में सामने आए पेपर लीक के मामलों को सरकार ने पूरी गंभीरता से लिया है और इनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है।

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने देश के युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।#PMModi #NDAMeeting #PaperLeak #Parliament #BJP #IndiaNews

Leave a Comment

शहर चुनें