चतरा में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 100 ट्रैक्टर बालू जब्त

झारखंड के चतरा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 ट्रैक्टर (लगभग 10 हजार सीएफटी) बालू जब्त की है। पिपरवार थाना क्षेत्र की गरही नदी से अवैध रूप से खनन कर बालू का बड़े पैमाने पर भंडारण किए जाने की सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर टंडवा अंचलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस निरीक्षक सह टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा और पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम करीब 6 बजे टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौड़ा में छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा बालू बरामद हुई, जिसे प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त की गई बालू पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित गरही नदी से अवैध खनन के जरिए निकाली गई थी और बाद में ग्राम चौड़ा में उसका भंडारण किया गया था। प्रशासन ने पूरे भंडारित बालू को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े लोगों की पहचान कर ली गई है। पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ खनन अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।#Piparwar #IllegalMining #SandMining #ChatraNews #JharkhandNews #BreakingNews #MiningMafia #Tandwa #PoliceAction #HindiNews

Leave a Comment

शहर चुनें