कामदगिरि बड़े हनुमान मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़कर करीब 60 हजार रुपये की नकदी ले उड़े चोर

धार्मिक नगरी में चोरों ने आस्था के केंद्र को निशाना बनाते हुए कामदगिरि परिक्रमा मार्ग स्थित बड़े हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी करीब 60 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय संत समाज में रोष व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे महंत और संतों को चोरी की जानकारी मिली। घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मंदिर के महंत योगेंद्र दास महाराज ने बताया कि रविवार रात नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए गए थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो मुख्य शटर का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद मंदिर के भीतर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।

महंत के अनुसार, दानपेटी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नहीं खोली गई थी। श्रद्धालुओं की चढ़ाई गई भेंट के आधार पर उसमें लगभग 60 हजार रुपये जमा होने का अनुमान है। हालांकि, दानपेटी की औपचारिक गणना के बाद ही चोरी हुई वास्तविक राशि की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पिछली बार करीब एक वर्ष बाद दानपेटी खोली गई थी, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये निकले थे।

घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश के सतना जिले के नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Comment

शहर चुनें