भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री विनोद सिंह पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे विधायक और पीड़िता के पति के बीच हुई बातचीत का बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
आरोप लगाने वाली महिला ने राष्ट्रीय महिला आयोग और लखनऊ के हजरतगंज थाने को पत्र भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपने शिकायती पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर सामने आए दो कथित ऑडियो क्लिप चर्चा का विषय बने हुए हैं। इनमें से एक ऑडियो में कथित तौर पर विधायक विनोद सिंह महिला के पति से बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में वह महिला के पति का नाम लेकर कहते हैं कि उन्होंने उनकी पत्नी को फोन किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद वह पत्नी से बात कराने की बात भी कहते हुए सुनाई देते हैं।
मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, महिला की शिकायत और वायरल ऑडियो को लेकर संबंधित एजेंसियों की ओर से आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है। फिलहाल वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है।#VinodSingh #BJP #UttarPradesh #Politics #BreakingNews #ViralAudio #WomenSafety #NationalCommissionForWomen #Lucknow #UPNews