आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी Meta और Meta India पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर Meta से जवाब मांगा है।
केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने Meta और Meta India के कार्यालय से मौखिक रूप से जानकारी लेने का प्रयास किया, जहां उन्हें बताया गया कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है और भारतीय उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रतिबंध लगाने का कारण क्या है और इसे हटाने की प्रक्रिया के बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में भेजे गए ईमेल का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनके अनुसार, केवल सामान्य ऑटोमेटेड नोटिफिकेशन प्राप्त हुए, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
अपने पोस्ट में केजरीवाल ने Meta की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि कंपनी को प्रधानमंत्री के सामने इतना नहीं झुकना चाहिए, अन्यथा स्थिति ऐसी हो सकती है कि भारत में केवल एक ही व्यक्ति का अकाउंट चलाने की अनुमति रह जाए।
फिलहाल, Meta या Meta India की ओर से केजरीवाल के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि अकाउंट पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाया गयाहै या नहीं। कंपनी की प्रतिक्रिया आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।