उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को शहर में डेढ़ घंटे रहेंगे। विशेष विमान से उप राष्ट्रपति दोपहर ढाई बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उप राष्ट्रपति का स्वागत केंद्रीय पंचायतीराज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय करेंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे एकलव्य स्टेडियम में चल रहे सांसद खेल महोत्सव में पहुंचेंगे।
बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। शाम चार बजे आगरा से नई दिल्ली के लिए विमान से रवाना होंगे। उप राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।खेरिया मोड़ से लेकर स्टेडियम तक नगर निगम की टीम ने विशेष सफाई अभियान भी चलाया। सड़कों की मरम्मत की गई। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक किया गया। नगर निगम स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से उप राष्ट्रपति के संबंधित रूट पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
उप राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एक हजार पुलिसकर्मी व पीएसी के जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। सुरक्षा का प्रभारी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को बनाया गया है। मंगलवार को पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल व एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। होटल व गेस्ट हाउस का चेक किया। मुख्य घेरा उप राष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मियों का रहेगा।
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तृतीय सांसद खेल स्पर्धा में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 24 दिसंबर को खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह को सुरक्षा प्रभारी बनाया है।
इसके साथ ही एयरपोर्ट व कार्यक्रम स्थल पर एसपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। मुख्य रूट के साथ ही वैकल्पिक रूट पर पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
इसके साथ ही रूफटाप ड्यूटी भी लगाई गई हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को एयरपोर्ट व कार्यक्रम स्थल के आसपास व जिस रूट से उप राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, वहां चेकिंग अभियान चलाया गया है। खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
होटल, गेस्ट हाउस में तैनात लोगों का सत्यापन किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मी व पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
VicePresidentIndia
AgraNews
EkLavyaStadium
SportsAwards
SecurityAlert
BreakingNews
UPNews
IndiaNews