विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत गणना प्रपत्र (फॉर्म) भरकर जमा कराने की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। निर्धारित समय सीमा को दो बार बढ़ाए जाने के बावजूद जिले में 3.44 लाख गणना प्रपत्र जमा नहीं हो सके। सबसे अधिक अपूर्ण फॉर्म फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र से सामने आए हैं।
अब जिला प्रशासन 31 दिसंबर को नई विधानसभा मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारी में जुट गया है। इससे पहले जिले में नवसृजित 129 मतदान केंद्रों (बूथ) पर मतदाताओं की शिफ्टिंग और पुनर्व्यवस्था का कार्य भी कराया जा रहा है।
एसआईआर अभियान का पहला चरण संपन्न
चार नवंबर से शुरू हुए एसआईआर अभियान में 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाकर घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए। बाद में इन्हें भरवाकर भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड किया गया।
हालांकि, कई बार प्रयास करने के बावजूद हजारों मतदाताओं के फॉर्म पूरे नहीं हो सके। इसके पीछे कई कारण सामने आए हैं। बड़ी संख्या में मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि हजारों लोग स्थायी रूप से निवास स्थान छोड़कर अन्यत्र चले गए, जिन्हें प्रशासन ने ‘शिफ्टेड’ श्रेणी में चिह्नित किया है।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजा जाएगा, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप रहे।SIRCampaign
VoterListRevision
AssemblyElections
ElectionCommission
FirozabadNews
ElectoralRoll