नए साल में जिले के बैकुंठपुर प्रखंड को खेल अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बैकुंठपुर प्रखंड के रेवतिथ गांव में 3.61 करोड़ रुपये की लागत से ट्रैक युक्त फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर विभागीय स्तर पर प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।
योजना के तहत तैयार किए गए प्राक्कलन के अनुसार राशि का आवंटन भी हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही स्टेडियम निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
नए ट्रैक युक्त फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण से बैकुंठपुर प्रखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
राज्य खेल विभाग, बिहार सरकार ने बैकुंठपुर प्रखंड के रेवतिथ स्थित योगेन्द्र सिंह ऋषिकुल प्लस टू स्कूल के खेल मैदान को ट्रैक युक्त फुटबॉल स्टेडियम में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना को मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है।MukhyamantriKhelVikasYojana
FootballStadium
Baikunthpur
BiharSports
SportsInfrastructure
LocalNews