जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज में जल्द ही नए ब्लड बैंक की स्थापना की जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से मंजूरी मिलने के साथ ही 2 करोड़ 30 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है।
वर्तमान में जिले में केवल जिला संयुक्त चिकित्सालय में ही ब्लड बैंक संचालित है, जबकि मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों और आपात मामलों में ब्लड की मांग सबसे अधिक रहती है। इसी जरूरत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन को ब्लड बैंक स्थापना का प्रस्ताव भेजा था।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मेडिकल प्रशासन ने ब्लड बैंक संचालन के लिए आवश्यक लाइसेंस प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही ब्लड बैंक का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
नया ब्लड बैंक शुरू होने के बाद जनपद में कुल दो ब्लड बैंक हो जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं, ऑपरेशन, प्रसव और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इससे मरीजों को रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नए साल में लोगों को इस सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ मिलने की पूरी उम्मीद है, जिससे जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी।